सीकर। बहरीन में बसे राजस्थानी प्रवासियों के लिए इस बार दीपावली का पर्व और भी खास होने जा रहा है। आपणो राजस्थान और राजस्थानी प्रवासी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 24 अक्टूबर को बहरीन के अधारी पार्क में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन होगा।
समारोह में शेखावाटी के मशहूर लोक गायक और डीजे सिंगर बली मोहन्काड़ी और पूजा डोटासरा अपनी टीम के साथ राजस्थानी लोकगीतों, तेजाजी महाराज के भजनों और डीजे सॉन्ग्स से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा शेखावाटी के सुपरसटार नृत्य कलाकार लकी उड़ान और उनकी टीम भी अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम में शुद्ध राजस्थानी परिधानों से सजे कलाकार प्रवासियों के साथ-साथ बहरीन के स्थानीय नागरिकों को भी राजस्थान की समृद्ध लोककला और संस्कृति का अनुभव कराएंगे। वैश्विक मंच पर शेखावाटी का जादू दिखेगा।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई विधायक और सांसद भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। यह आयोजन भारत और बहरीन के बीच सांस्कृतिक संबंधों, पर्यटन और मित्रता को और मजबूत करेगा।


