भारत के युवा अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से वापसी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने रविवार, 13 जुलाई 2025 को पुष्टि की कि शुभांशु 15 जुलाई को भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे पृथ्वी पर लौट सकते हैं।
यह मिशन ऐतिहासिक एक्सिओम-4 मिशन का हिस्सा है, जिसमें शुभांशु ने तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ 14 दिनों तक स्पेस स्टेशन पर वैज्ञानिक प्रयोगों को अंजाम दिया।
कैसे और कब होगी वापसी?
मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर जानकारी दी कि स्पेसएक्स ड्रैगन कैप्सूल 14 जुलाई की शाम 4:30 बजे (IST) इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से अनडॉक करेगा। इसके बाद पृथ्वी पर स्प्लैशडाउन की प्रक्रिया 15 जुलाई को दोपहर 3 बजे होगी।
हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह अनुमानित समय है और मौसम या तकनीकी परिस्थितियों के आधार पर इसमें लगभग एक घंटे का बदलाव हो सकता है।